जशपुर : 22 मई 2023 छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आ रही है, यहाँ एक मां ने अपने 8 दिन के बच्चे को फंदे पर लटका दिया। फिर खुद फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। दोनों के शव एक ही पेड़ पर ऊपर और नीचे लटके मिले। मामला बगीचा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक चरकूराम नागवंशी(27) की शादी मुन्नी बाई(28) से हुई थी। शादी के बाद से वह अपने ससुराल घुघरी में रहता था। घर का खर्चा चलाने के लिए चरकूराम रोजी मजदूरी करता था। बताया गया कि रविवार शाम को वह काम करके घर लौटा था। इसी दौरान खाने के वक्त पति-पत्नी में झगड़ा हुआ था।

सब्जी नहीं बनाने को लेकर हुआ विवाद… 

बताया जा रहा है कि घर में सब्जी नहीं बनी थी। इसी वजह से दोनों के बीच विवाद हुआ था। विवाद के बाद पत्नी अपने बच्चे को लेकर चली गई। जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला। कुछ घंटों बाद परिजनों ने महिला की तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। अगले दिन सुबह परिजनों को पता चला कि, मां और बेटे की मौत हो चुकी है।

सुबह गांव के लोग खेत की तरफ गए थे। तब उन्होंने ही दोनों के शव को पेड़ पर लटके हुए देखा था। इसकी सूचना पुलिस को भी दी गई थी। जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस ने दोनों शव को उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।

आये दिन होता था पत्नी से विवाद 

इस मामले में यह भी जानकारी सामने आई है कि पति शराब पीने का आदी था। इसी के चलते उसका कई दफा घर में पत्नी से विवाद होता था। और परिजनों से भी उसका झगड़ा होता रहता था। पुलिस पूरे मामले पर जांच कर रही है।

….

Spread the love