मध्यप्रदेश : 14 मार्च 2023 के विदिशा जिले में 7 साल के बच्चे को बोरवेल में गिरे हुए करीब 9 घंटे से ज्यादा समय बीत चुका है। वह 43 फीट पर फंसा है। पुलिस और एनडीआरएफ की टीम बचाव कार्य में जुटी है। बोरवेल 60 फीट गहरा है। बोर के पास 4 जेसीबी से 45 फीट गहरा पैरेलल गड्‌ढा खोदा जा रहा है। रात 9 बजे तक 31 फीट से ज्यादा खुदाई हो चुकी हैं। 3 पोकलेन मशीन से लगातार मिट्‌टी निकाली जा रही है। हालांकि, अभी भी 14 फीट से अधिक खुदाई होना बाकी है।

इसके बाद टनल बनाकर बच्चे को निकाला जाएगा। मुरम और कंकड़ निकलने की वजह से खुदाई की स्पीड कम हो गई। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि रेस्क्यू में करीब 4 से पांच घंटे और लग सकते हैं। दिनेश अहिरवार का बेटा लोकेश सोमवार सुबह 11 बजे खेत में बने बोरवेल में गिर गया था। उस तक पाइप के जरिए ऑक्सीजन पहुंचाई जा रही है।

सीसीटीवी से भी नजर रखी जा रही है। मौके पर विदिशा कलेक्टर उमाशंकर भार्गव और लटेरी एसडीएम हर्षल चौधरी, एडिशनल एसपी समीर यादव मौके पर मौजूद हैं। कलेक्टर ने बताया कि खेतों में मशीनरी और प्रशासन की गाड़ियों से किसानों की फसलों को क्षति हुई है। इन किसानों को मुआवजा दिया जाएगा।

बोरवेल में गिरने की घटना दुखद : CM शिवराज सिंह ….
मामले को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा है कि विदिशा जिले की लटेरी तहसील के खेरखेड़ी गांव में 7 वर्षीय मासूम के बोरवेल में गिरने की घटना दु:खद है। मैंने स्थानीय प्रशासन को जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं, और उनके सतत संपर्क में हूं। रेस्क्यू टीम बच्चे को सुरक्षित बचाने हेतु प्रयासरत है। मासूम की कुशलता की प्रार्थना करता हूं।

Spread the love