कोरबा : 28 सितम्बर 2023 कोरबा जिले के सिविल लाइन रामपुर थाना अंतर्गत सीएसईबी पुलिस सहायता केंद्र अंतर्गत कोहड़िया स्थित नहर के पास गणेश विसर्जन के दौरान दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना में एक गुट के कुछ लोगों ने दूसरे गुट के दो किशोरों को चाकू से गोद दिया जिससे एक की मौके पर मौत हो गई वहीं दूसरा गंभीर घायल है। उसे जिला अस्प्ताल में भर्ती कराया गया है।

मृतक का नाम हरीश कुमार 17 वर्ष बताया जा रहा है जबकि घायल का नाम भूपेंद्र है और दोनों बरपारा कोहड़िया के निवासी हैं। बताया जा रहा है कि मृतक के शरीर पर चाकू से करीब 7 से 8 बार वार किया गया है। घटना के बाद मौके पर बवाल मच गया और मृतक के परिजनों के साथ ही स्थानीय लोगों ने ढोढिपारा मुख्य मार्ग में चक्काजाम कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत करने के प्रयास में जुट गई है। किशोर की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक व घायल के परिजनों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश देखा जा रहा है।

Spread the love