कोरबा : कोरबा जिला अस्पताल से गुरुवार को एक बच्चा चोरी हो गया। वही चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो में देखा जा सकता है कि, एक महिला बच्चे को ले जाती दिख रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश कर रही है।

पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक, कुरुडीह निवासी अंजू यादव इलाज कराने मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती थी। उसके साथ उसका 4 महीने का बेटा भी था। साथ में उसकी नानी भी थी।

पिछले 2 दिनों से एक अनजान महिला अक्सर अस्पताल में आती थी और अंजू के बच्चे को खिलाया करती थी। उसने बताया था कि उसका भी कोई परिजन अस्पताल में भर्ती है। वो उसी को देखने के लिए रोज अस्पताल आती थी।

परिवार वालों से घुल-मिल गई थी महिला

आरोपी महिला बच्चे की नानी के साथ भी घुल-मिल गई थी जिससे शक नहीं हुआ। गुरुवार को उसने बच्चे को गोद में लिया और घुमाने के बाद अचानक अस्पताल से फरार हो गई। काफी देर तक जब वह बच्चे के साथ नहीं लौटी तो परिजनों ने तलाश शुरू की।

अस्पताल प्रबंधन से भी संपर्क किया। फिर शिकायत के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस, क्राइम स्क्वॉड और जिला अस्पताल के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जब अस्पताल का सीसीटीवी फुटेज खंगाला तो आरोपी महिला बच्चे को ले जाती हुए दिखाई दी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर ही है।

Spread the love